
रूण फखरूदीन खोखर
अस्पताल सौंदर्यकरण और सुरक्षा के लिए बढ़ाया था मदद का हाथ
रूण – कस्बे के राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में सोमवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में चिकित्सालय के विकास और जन सुविधाओं के विस्तार में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले भामाशाहों का साफा पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान भामाशाह दामोदर लक्षकार का विशेष अभिनंदन किया गया। दामोदर ने अस्पताल के सौंदर्यीकरण हेतु 71,000 रुपये की लागत से विभिन्न कार्य करवाए हैं, जिससे अस्पताल परिसर का स्वरूप निखर गया है। इसी कड़ी में सुभाषचन्द नाहर परिवार द्वारा चिकित्सालय की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 41,000 रुपये की लागत से CCTV कैमरा सेट भेंट किया गया,

चूंकि नाहर परिवार वर्तमान में प्रदेश से बाहर है अतः उनकी ओर से प्रतिनिधि के रूप में बनेचन्द गांग ने यह सम्मान स्वीकार किया। इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार विश्नोई ने कहा कि सरकारी संस्थानों के विकास में भामाशाहों का सहयोग रीढ़ की हड्डी के समान है। उन्होंने कहा, “ऐसे निस्वार्थ सहयोग से न केवल चिकित्सालय की सुविधाओं में सुधार होता है,

बल्कि आमजन को भी बेहतर वातावरण में उपचार मिल पाता है। इस अवसर पर नर्सिंग स्टाफ मोहम्मद आरिफ, ओमप्रकाश मण्डा, सविता (ANM), राकेश डुकिया, मुरलीधर शर्मा, राजेंद्र सारण और रूपल सैनी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने भामाशाहों के इस नेक कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की।

Author: Aapno City News




