
जोधपुर,
जोधपुर। करवड़ से डांगियावास तक के रिंग रोड सेक्शन द्वितीय के निर्माण में अनियमितताओं और निर्माण संबंधी गंभीर समस्याओं को लेकर स्थानीय किसानों और नागरिकों ने जिला कलेक्टर, जोधपुर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि रिंग रोड निर्माण के दौरान दोनों साइड सर्विस रोड की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे किसानों की कृषि गतिविधियों और आवाजाही प्रभावित हो रही है। इसके अलावा, रिंग रोड पर धर्माप्त कट/क्रॉसिंग पॉइंट नहीं बनाए जाने और दोनों साइड दीवार निकाल देने के कारण आम जनता को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि ओवरब्रिज का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं किया गया और बरसाती पानी की निकासी व कैचमेंट एरिया में पानी के प्रवाह की उचित व्यवस्था नहीं की गई।
किसानों और नागरिकों की मांग है कि रिंग रोड निर्माण में हुई अनियमितताओं की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की जाए और उनकी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए। साथ ही, रिंग रोड के 5-7 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गाँवों के नागरिकों को टोल मुक्त करने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने के मौके पर जिला कलेक्टर महोदय, उपखण्ड अधिकारी (उत्तर एवं दक्षिण), एवं परियोजना निदेशक, भा.रा.प्रा. इकाई जोधपुर के प्रतिनिधि मौजूद थे।


Author: aapnocitynews@gmai.com




