

मेड़ता सिटी ( तेजाराम लाडणवा )
धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मेड़ता सिटी में आगामी 26 जनवरी को आयोजित होने वाले विराट हिंदू सम्मेलन से पूर्व सकल हिंदू समाज की ओर से आज 24 जनवरी शनिवार को एक भव्य वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है।
यह विराट वाहन रैली दोपहर सवा 3 बजे बजरंग बस्ती से आरंभ होगी, जिसका शुभारंभ राम मंदिर से विधिवत रूप से किया जाएगा। रैली में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक, युवा, महिलाएं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे।
वाहन रैली राम मंदिर से प्रारंभ होकर पब्लिक पार्क, रामदेव मंदिर, सुभाष स्कूल, जगदीश दायमा, सूरज अरोड़ा के निवास, किन्नरों की हवेली, लुहारों की गली, शिव वाड़ी (भाटियों का चौक), रामस्वरूप की चक्की, मुंशीजी व जोशीजी के मकान, इसके पश्चात पशुपतिनाथ मंदिर, मुरली सिंधी के निवास, भास्कर चौराहा, चार नंबर गली, झूलेलाल मंदिर, महेंद्रपुरी का मकान (कोमल नगर), भाटी चौराहा, जगदंबा जनरल स्टोर, नया खाटू श्याम मंदिर होते हुए परशुराम वाटिका पहुंचकर संपन्न होगी।
इस रैली के माध्यम से सनातन संस्कृति, हिंदू एकता और राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश दिया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह वाहन रैली न केवल विराट हिंदू सम्मेलन की पूर्व भूमिका बनेगी, बल्कि समाज को संगठित होकर धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रेरित करेगी।
शहर में रैली को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और जगह-जगह स्वागत व सहभागिता की तैयारियां की जा रही हैं। मेड़ता सिटी आज आस्था, एकता और संस्कारों के रंग में रंगने को तैयार है।

Author: aapnocitynews@gmai.com




