
नन्हें कदमताल (पथ संचलन) ने जीता सबका दिल।
फुलेरा(दामोदर कुमावत)कस्बे के
शिवाजी नगर स्थित माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर में शुक्रवार को स्वाधीनता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हें-मुन्ने विद्यार्थियों ने न केवल नेताजी के जीवन पर आधारित ओजस्वी कविताएं और प्रेरक कहानियां सुनाईं, बल्कि उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य पथ संचलन रहा, जिसे मुख्य अतिथि भजनाराम चौधरी (सहा उप निरीक्षक, जीआरपी थाना फुलेरा) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संघ की धुन पर कदमताल करते अनुशासित छात्रों का जत्था जब शिवाजी नगर, नेहरू नगर और गोरधनपूरा की गलियों से गुजरा, तो नजारा देखते ही बनता था।

पूरे मार्ग में स्थानीय निवासियों ने पुष्प वर्षा कर भावी पीढ़ी का गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस दौरान विद्यालय प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष रामेश्वर लाल कुमावत, प्रधानाचार्य विनोद कुमार कुमावत सहित आचार्य परिवार और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Author: Aapno City News




