



मेड़ता रोड। नागौर जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम एवं व्यापार में संलिप्त अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा (IPS) के मार्गदर्शन में चल रहा ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ लगातार परिणाम दे रहा है। बीते दिन जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने समन्वित कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई थाना मेड़ता रोड क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने आरोपी चेनाराम की रहवासी ढाणी पर दबिश देकर लगभग 11 किलो 680 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी चेनाराम को मौके से गिरफ्तार कर परिवहन और सप्लाई चैन की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई थाना जायल क्षेत्र में पुलिस चौकी तरनाउ के पास नाकाबंदी के दौरान की गई। इस दौरान पुलिस ने आरोपी जगदीश प्रसाद को रोककर तलाशी ली, जिसमें 03 किलो डोडा पोस्त पाउडर एवं 29 ग्राम अफीम बरामद हुई। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है।
तीसरी कार्रवाई थाना खाटूबड़ी क्षेत्र में की गई, जो डीएसटी टीम नागौर की सूचना पर अंजाम दी गई। सहरद सांडिला क्षेत्र से तीन आरोपी हरेन्द्र, चंदन एवं अर्जुनराम को गिरफ्तार कर 7.47 ग्राम एम.डी.एम.ए. बरामद किया गया। साथ ही परिवहन हेतु प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर को भी पुलिस ने सीज कर लिया है।
जिले में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने न केवल नशा तस्करों के नेटवर्क को कमजोर किया है, बल्कि पुलिस की सख्त नीति और तत्परता का स्पष्ट संदेश भी दिया है। जिले में कार्यभार संभालते ही जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने अवैध नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ने की मंशा जाहिर की थी। उनके निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ से नशा माफिया में खौफ बना हुआ है और आम जनता तथा युवाओं में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।
जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।


Author: aapnocitynews@gmai.com




