

पुष्कर / मेड़ता सिटी (तेजाराम लाडणवा)
तीर्थ नगरी पुष्कर स्थित श्री पुष्कर गौतमाश्रम ट्रस्ट समिति में वरिष्ठ समाजसेवी, सफल उद्योगपति और प्रभावशाली जननेता मोहनराज उपाध्याय एक बार फिर विश्वास की कसौटी पर खरे उतरे। वे लगातार तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। जैसे ही उनके अध्यक्ष निर्वाचित होने की सूचना सामने आई, पुष्कर, मेड़ता सिटी, जयपुर सहित पूरे क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं, समाजजनों, मित्रों व शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
मोहनराज उपाध्याय को क्षेत्र में एक सफल व्यापारी, सशक्त राजनेता और समर्पित समाजसेवी के रूप में जाना जाता है। मीरा नगरी मेड़ता सिटी में “उपाध्याय खाद बीज” के नाम से उनका प्रतिष्ठित व्यवसाय है, वहीं जयपुर में भी वे एक सफल उद्यमी के रूप में अपनी अलग पहचान रखते हैं। राजनीतिक दृष्टि से वे रिया पंचायत समिति के पूर्व प्रधान रह चुके हैं तथा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री व वर्तमान विधायक यूनुस खान के बेहद निकट माने जाते हैं।
श्री पुष्कर गौतमाश्रम ट्रस्ट समिति, पुष्कर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया में सभी नामांकन पत्र सही पाए गए तथा किसी भी पद पर न तो कोई नामांकन निरस्त हुआ और न ही वापसी हुई। इस कारण कुल 21 पदाधिकारियों व सदस्यों को उनके-उनके पदों पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
अध्यक्ष पद पर मोहनराज उपाध्याय के साथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोहनलाल जोशी, उपाध्यक्ष गोपीकिशन शर्मा, महामंत्री वेक्टेश्वर प्रसाद शर्मा, मंत्री वासुदेव उपाध्याय, कोषाध्यक्ष भंवरलाल जोशी सहित पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध चुनी गई। देश के विभिन्न हिस्सों—अजमेर, नागौर, जयपुर, कोटा, भोपाल, मुंबई और गुजरात तक—से प्रतिनिधित्व इस ट्रस्ट की व्यापकता और प्रतिष्ठा को दर्शाता है।
मोहनराज उपाध्याय की पुनः ताजपोशी को गौतमाश्रम के विकास, सेवा कार्यों के विस्तार और पुष्कर की धार्मिक गरिमा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में ट्रस्ट ने पूर्व में भी अनेक जनकल्याणकारी और आध्यात्मिक गतिविधियों को नई गति दी है।
उनके समर्थकों का कहना है—
“मोहनराज उपाध्याय केवल पद के अध्यक्ष नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और समर्पण के प्रतीक हैं। उनका तीसरी बार निर्विरोध चुना जाना जनता और समाज के अटूट विश्वास का प्रमाण है।”

Author: aapnocitynews@gmai.com




