
पूर्व पार्षद दंपत्ति की दोहेती ने बढ़ाया सांभर का मान।
फुलेरा (दामोदर कुमावत)। सांभर की प्रतिभाशाली बेटी भूमिका सैनी ने 1250 फीट की ऊंचाई से पैराशूट जंप कर न केवल सभी को रोमांचित किया, बल्कि क्षेत्र का मान भी बढ़ाया। वह नगर पालिका सांभर के पूर्व पार्षद दंपत्ति शंभू दयाल सैनी व पुष्पा देवी सैनी तथा माली समाज के पूर्व अध्यक्ष भगवान सहाय माली की होनहार दोहेती हैं।

राजकीय शाकम्भरी पीजी कॉलेज की छात्रा भूमिका, फर्स्ट राज बटालियन एनसीसी, जयपुर की ऐसी पहली कैडेट बनी हैं जिन्हें देश के प्रतिष्ठित नेशनल पैरा बेसिक कैंप के लिए चयनित किया गया। पूरे देश से चुने गए 60 एनसीसी कैडेट्स में राजस्थान के केवल तीन छात्राओं व एक छात्र को यह गौरव हासिल हुआ।नेशनल पैरा बेसिक कैंप, एनसीसी का सबसे कठिन और सम्मानजनक प्रशिक्षण माना जाता है, जिसका आयोजन भारतीय वायुसेना की पैराट्रूपर ट्रेनिंग स्कूल, आगरा में होता है। इसमें कैडेट्स को एयरबोर्न, ग्राउंड ट्रेनिंग के साथ पैराशूट जंप का विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है।भूमिका ने कहा कि “राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए जीवन का अविस्मरणीय अनुभव है।” उन्होंने अपने इस चयन का श्रेय एनसीसी अधिकारियों और अपने माता-पिता को दिया, जिनके सहयोग से उनका मनोबल सदैव ऊंचा बना रहा।
भूमिका की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर सांभर व आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। लोगों ने उन्हें ढेरों बधाइयाँ व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।

Author: aapnocitynews@gmai.com





