
ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे एम्प्लाइज एसोसिएशन का जोनल वार्षिक अधिवेशन संपन्न
फुलेरा (दामोदर कुमावत)
ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे एम्प्लाइज एसोसिएशन, उत्तर पश्चिम रेलवे का जोनल वार्षिक अधिवेशन रविवार, 23 नवम्बर 2025 को रेलवे स्टेडियम बीकानेर में आयोजित हुआ। इसमें उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों, कारखानों और शाखाओं से हज़ारों प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल थे। उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह बतौर विशेष अतिथि उपस्थित रहे। अधिवेशन की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.एल. बैरवा ने की।
अधिवेशन में अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार तथा मुख्य कारखाना प्रबंधक विकास अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में एसोसिएशन की केंद्रीय कार्यकारिणी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पूर्वी रेलवे के जोनल अध्यक्ष प्रेम चंद मुर्मू, अतिरिक्त महासचिव एवं दक्षिण पश्चिम रेलवे के जोनल सचिव एम. मोहन सहित विभिन्न जोनल अध्यक्षों व सचिवों ने विचार रखे।

मुख्य अतिथि अर्जुन मेघवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित विशाल जनसमूह को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलवाई। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने देश को ऐसा सशक्त संविधान दिया है जो 75 वर्ष बाद भी देश को एक सूत्र में बांधे हुए है। हमें ऐसे महान व्यक्तित्वों के प्रति सदैव कृतज्ञ रहना चाहिए।मेघवाल ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए अंग्रेजों को चुनौती दी। आज आदिवासी समाज उन्हें भगवान के रूप में पूजता है। एसोसिएशन द्वारा बाबा साहेब एवं भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर जनजाति गौरव दिवस मनाना सराहनीय कदम है।

उन्होंने कहा कि पूर्व में 26 नवम्बर को कानून दिवस के रूप में मनाया जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2015 में इसे संविधान दिवस घोषित किया गया, जो संविधान निर्माताओं के प्रति आदर का भाव प्रकट करता है।मेघवाल ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में रेलवे का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। केंद्र सरकार रेलवे में आधारभूत संरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रेलवे कर्मचारियों की हर वाजिब मांग और समस्या का समयबद्ध समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एसोसिएशन के प्रति विशेष अपनत्व रखते हैं तथा उठाए गए सभी मुद्दों पर शीघ्र समाधान किया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.एल. बैरवा ने एसोसिएशन की गतिविधियों तथा उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि संविधान दिवस घोषित होने के बाद से एसोसिएशन हर वर्ष इसे राष्ट्रीय या जोनल अधिवेशन के रूप में मनाती आ रही है। इस वर्ष सरकार द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने के निर्देश दिए।उन्होंने बाबा साहेब और भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, कार्य एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आग्रह किया।अधिवेशन से पूर्व रेलवे स्टेशन से अंबेडकर सर्किल होते हुए रेलवे स्टेडियम तक एक विशाल रैली निकाली गई, जिसमें हज़ारों लोगों ने झंडे, बैनर, ढोल-ताशों के साथ ‘जय भीम’ के नारों के बीच उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंबेडकर सर्किल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.एल. बैरवा सहित केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में सभी अतिथियों का बुके, माला, शॉल, भीम पट्टा एवं मोमेंटो भेंटकर सम्मान किया गया। मंडल सचिव मोहन लाल बुनकर ने स्वागत उद्बोधन दिया। जोनल अध्यक्ष टी.आर. मीणा, कार्यकारी अध्यक्ष एवं जयपुर मंडल सचिव विनोद कुमार मीणा समेत विभिन्न मंडलों और कारखानों के पदाधिकारियों ने एसोसिएशन की गतिविधियों और प्रगति की जानकारी दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सुश्री पार्वती देवी ने ‘जय संविधान जय संविधान’ गीत प्रस्तुत किया। लखन लाल मीणा व उनकी पत्नी ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष पर लोकनृत्य प्रस्तुत किया, जबकि सीताराम बैरवा ने कच्छी घोड़ी नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। एसोसिएशन ने कलाकारों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन जोनल अतिरिक्त सचिव रामसिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन कारखाना सचिव कुशाल चंद मीणा ने किया।

Author: aapnocitynews@gmai.com




