
जनसेवा और पारदर्शिता का दिया संदेश –
आमजन से सीधे संपर्क का आह्वान:अ.अ. सुनील शर्मा
फुलेरा (दामोदर कुमावत)। लंबे समय से रिक्त चल रहे फुलेरा नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी के पद पर शुक्रवार को सुनील कुमार शर्मा ने विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान निवर्तमान अधिशाषी अधिकारी सूर्यकांत शर्मा ने नवांगतुक अधिकारी को चार्ज सौंपा।

पालिका कर्मचारियों ने नए अधिशाषी अधिकारी का माला और साफा पहनाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और मुंह मीठा करवाया।पदभार ग्रहण करने के बाद अधिशाषी अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट संदेश दिया कि वे न्यायोचित कार्यों को पूरी सेवा भावना से करेंगे और जनता की सेवा में सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा,
“आमजन अपनी किसी भी समस्या के लिए सीधे मुझसे संपर्क करें। किसी मध्यस्थ की जरूरत नहीं है। खुला संवाद ही विकास का आधार बनेगा।”

शर्मा ने बताया कि वे पिछले लगभग 8 वर्षों से स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर में सहायक प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। फुलेरा में अधिशाषी अधिकारी के रूप में यह उनकी पहली नियुक्ति है।फुलेरा नगर पालिका के लिए यह नियुक्ति शहर के तेजी से हो रहे विकास कार्यों को नई गति प्रदान करने वाली मानी जा रही है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने नए अधिशाषी अधिकारी के पारदर्शी और जनहितैषी कार्यशैली की उम्मीद जताई है। आशा है कि सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में फुलेरा नगर पालिका सफाई, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
फुलेरा की जनता नए अधिशाषी अधिकारी का हार्दिक स्वागत करती है और शहर के सर्वांगीण विकास के लिए उनके साथ पूर्ण सहयोग का वादा करती है।

Author: aapnocitynews@gmai.com




