
सुखे नशे के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान जारी।
4 एनडीपीएस एक्ट व आबकारी एक्ट के तहत एक मामला दर्ज
फुलेरा (दामोदर कुमावत)
जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नॉकआउट अभियान के तहत फुलेरा और जोबनेर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। डीएसटी टीम जयपुर ग्रामीण की आसूचना पर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर नशे के कारोबार में संलिप्त कई लोगों के ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 979 ग्राम गांजा, 4.56 ग्राम स्मैक, 92 पव्वे देशी शराब और लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद जब्त किए।

अभियान का संचालन वृत्ताधिकारी सांभरलेक अनुपम मिश्रा के सुपरविजन में किया गया, जिसमें थाना फुलेरा, जोबनेर, सांभरलेक, नरैना तथा पुलिस लाइन की छह संयुक्त टीमों ने भाग लिया। पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा डूडी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रजनीश पूनियां के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई ऑपरेशन नॉकआउट अभियान के तहत की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में बसंती देवी पत्नी विनोद कुमार निवासी सांसी बस्ती जोबनेर रोड फुलेरा के कब्जे से 550 ग्राम गांजा और 1580 रुपये नकद बरामद किए गए। रामचंद्र पुत्र कालूराम निवासी सांसी बस्ती जोबनेर रोड फुलेरा के कब्जे से 92 पव्वे देशी शराब और 1,48,500 रुपये नकद जब्त किए गए। बीना पत्नी शंकरलाल निवासी सांसी बस्ती वार्ड नंबर 1 जोबनेर के कब्जे से 3.28 ग्राम स्मैक और 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जबकि मदनलाल सांसी पुत्र श्योकरण निवासी बोबास थाना जोबनेर के कब्जे से 192 ग्राम गांजा जब्त किया गया। वहीं आरोपी राजू के घर पर दबिश के दौरान 1.2 ग्राम स्मैक और 37 ग्राम गांजा मिला, किंतु वह मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश पुलिस द्वारा जारी है।

इसी के साथ पुलिस ने ग्राम बोबास में सरकारी भूमि पर उगे लगभग पांच हजार गांजा पौधों को भी उखाड़कर मौके पर ही नष्ट किया। यह कार्रवाई न केवल अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस की सख्त नीति को दर्शाती है, बल्कि समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश भी देती है। पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा डूडी ने बताया कि ऑपरेशन नॉकआउट अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में फैल रहे नशे के जाल को तोड़ना और युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाना है। उन्होंने कहा कि जयपुर ग्रामीण पुलिस नशे के खिलाफ निरंतर अभियान चला रही है और भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। फुलेरा और जोबनेर क्षेत्र में हुई यह कार्रवाई इस बात का प्रमाण है कि पुलिस प्रशासन नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए पूरी तत्परता से जुटा हुआ है। यह अभियान न केवल कानून- व्यवस्था की मजबूती का प्रतीक है, बल्कि समाज के प्रति पुलिस की जिम्मेदारी और सजगता का भी प्रमाण है।

Author: aapnocitynews@gmai.com




