
फुलेरा (दामोदर कुमावत) फुलेरा थाना पुलिस ने मोटर साइकिल चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई थानाधिकारी राजेश कुमार (पुलिस निरीक्षक) के कुशल नेतृत्व में की गई ।

पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा डूडी ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने पर चोरी की मोटरसाइकिल की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। यह टीम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा और वृत्ताधिकारी सांभरलेक अनुपम मिश्रा के सुपरविजन एवं फुलेरा थाना प्रभारी कुमार और टीम ने मुखबिर की सूचना व तकनीकी निगरानी के आधार पर मुकेश मीणा (निवासी सिरसी, थाना नांवा, जिला डीडवाना-कुचामन) को डिटेन किया।

पूछताछ में उसने फुलेरा और जयपुर क्षेत्र से कई मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर तीन मोटर साइकिलें बरामद की गईं। आगे की जांच में पता चला कि उसने एक बाइक राहुल मीणा (निवासी लूणवा, थाना नांवा, जिला डीडवाना-कुचामन) को बेच दी थी। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर वह मोटरसाइकिल बरामद कर ली। बरामदगी के बाद पुलिस ने चारों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य आपराधिक संबंधों की जांच की जा रही है।थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में कार्यरत पुलिस टीम मोहनलाल, कानि. राजेंद्र, हंसराज, मांगीलाल, रविदत्त, अनिल कुमार एवं विश्वेंद्र ने लगन, तत्परता और टीम भावना के साथ कार्रवाई कर कम समय में चोरी का खुलासा किया।
पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा डूडी ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्रवाई फुलेरा पुलिस की सक्रियता और दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि अपराधियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।

Author: aapnocitynews@gmai.com





